‘राजनीति से ज्यादा जरूरी फिल्में’: धुरंधर विवाद पर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने क्यों दिया बड़ा बयान

आदित्य धर निर्देशित स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ से ज्यादा कमाकर धूम मचा रही है, वहीं कुछ आलोचक इसे ‘प्रोपेगेंडा’ और ‘एंटी-पाकिस्तान नैरेटिव’ बता रहे हैं। इस विवाद के बीच फिल्म निर्माता विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ‘धुरंधर’ के समर्थन में जोरदार तर्क पेश किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस आलोचना को ‘भूकंप के बाद का झटका’ यानी ‘आफ्टरशॉक’ बताया।
अग्निहोत्री ने कहा कि ये प्रतिक्रियाएं कोई नई नहीं, बल्कि उन ‘नैरेटिव जमींदारों’ की घबराहट है जो कहानी पर अपना नियंत्रण खो रहे हैं। उनका मानना है कि ‘धुरंधर’ जैसी राष्ट्रवादी थीम वाली फिल्में, जो कंधार हाईजैक और 26 नवंबर जैसी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित हैं, पुराने नियंत्रण को चुनौती देती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्में सरकारों से भी ज्यादा ताकतवर हैं, क्योंकि वे लोगों के सोचने के तरीके और सामूहिक यादों को बदलकर स्थायी दृष्टिकोण बनाती हैं।